मप्र / ज्योतिरादित्य ने किसानों की कर्जमाफी पर कमलनाथ सरकार को घेरा, भाजपा बोली- सिंधियाजी का धन्यवाद

मप्र / ज्योतिरादित्य ने किसानों की कर्जमाफी पर कमलनाथ सरकार को घेरा, भाजपा बोली- सिंधियाजी का धन्यवाद



 


किसानों की कर्जमाफी को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। गुरुवार को सिंधिया ने भिंड में कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस ने 2 लाख कर्जमाफी का वादा किया था। लेकिन किसानों के 50 हजार तक के ही कर्जमाफ हुए हैं। इस बयान के बाद भाजपा ने सिंधिया को धन्यवाद कहा है। सिंधिया का बयान चर्चा में आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी इस मुद्दे को लेकर ट्वीट किया है।


दरअसल, सिंधिया ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों के सिर्फ 50 हजार रुपए तक के कर्ज माफ हुए हैं। हमने दो लाख तक का कर्ज माफ करने की बात अपने वचन पत्र में कही थी।


सिंधिया ने कहा किसानों के दो लाख रुपए राशि तक के कर्ज माफ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित हुई फसलों का सर्वे भी ठीक से नहीं हुआ। कई गांवों में फसले शत प्रतिशत खराब हो चुकी हैं तो सर्वे की क्या जरूरत। सरकार के काम में कहीं न कहीं कमी रह जा रही है। उल्लेखनीय है कि सिंधिया ग्वालियर चंबल संभाग के नौ दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे का अज चौथा दिन है।